कपाली में मोहर्रम को लेकर रूट निरीक्षण, विधि-व्यवस्था का लिया जायजा

चांडिल : सरायकेला खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने शनिवार को जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोहर्रम जुलूस के निर्धारित रूट का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान ओपी प्रभारी ने जुलूस मार्ग में आने वाले संवेदनशील स्थलों, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा।अविनाश कुमार ने कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है।
जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।

