पोटका सीएचसी में आयोजित द्वितीय रक्तदान शिविर में 13 यूनिट रक्त संग्रह
उपायुक्त के निर्देश पर हुआ आयोजन, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना उद्देश्य

पोटका: जिले के उपायुक्त के निर्देश पर पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में द्वितीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एमजीएम अस्पताल के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 13 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर का उद्देश्य दुर्घटना में घायल और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। इस मौके पर पोटका सीएचसी के प्रभारी डॉ. सुकांत सीट ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शिविर में 13 यूनिट रक्त संग्रह किया गया है। आने वाले दिनों में और बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।


